#नज़्म #Poetry लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
#नज़्म #Poetry लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 4 जनवरी 2021

कहता हूँ (नज़्म )

 गली से गुज़रता हूँ रोज़

होती है तो नहीं देखता

नहीं होती वो तो

खोजता हूँ मैं


सूरत कोई नहीं

एहसास सा है

नहीं होता महसूस

तो रोज़ मरता हूँ मैं


अज़ब ढंग हैं

निराले दस्तूर

इश्क़ मुक़्क़मल हो तो

दास्तानें नहीं बनतीं


जी हुज़ूर कह दें

मन में घुलता है शहद

शायद अरमानों में

कोई बादशाह बैठा है


अंधेरे रोशनी हमदम हैं

बिछड़ते रूठते रहते हैं


सपना (नज़्म)


शिद्दत पूरी उसके जैसी है

बड़ी गहरी है सँकरी है


धार है आरपार है

तेज है गुनगुनाहट सी

सवार है सिर पर उसके जैसी ही



व्याकरण उसका समझ नहीँ आता

भाषा उसकी भी मेरे जैसी है


सड़कों पर बिछे हैं नज़र के अरमाँ

मंजरों की महफ़िल में पर हम नहीं हैं


 कहते कहते थकते नहीं, सुनो तो

तराने तमन्नाओं के बुझते नहीं हैं


किसी और दिन इम्तिहान लेना

रक़ीबों की शमशीरें रुकती नहीं हैं

©सुनील_सोनी

© Sunil Soni

इंतेज़ार

मेरे महबूब जरा रुक, बारिश तो आने दे

सूरज ढल जाए, शाम का रंग चढ़ जाने दे

फिराक ओ उम्र गुजरे जाते हैं
वक्त ए विसाल करीब तो आने दे

तन्हाइयां तरबतर करतीं नहीं
सोहबत से ये मजा तो आने दे

गम के मौसम लू हैं बेखबर
शरमा, ठंडा झोंका तो आने दे

© Suneil Soni

इंसाफ़

 प्रेम की तरह ही

कविता को भी

रिश्ते का नाम देना

गुनाह है

असर

 ख़ुद से नाराज़ होता हूँ

तो बरस पड़ता हूँ औरों पर


सवाल ख़ुद से करता हूँ

जवाब तलब करता हूँ औरों से


तमन्नाएं रोज़ जोड़ते जाता हूँ

उम्मीद लगा लेता हूँ औरों से


बोझ से अपने दबा रह जाता हूँ

मंज़िलों पर रश्क़ करता हूँ औरों से


होश ठिकाने नहीं होते हैं मेरे

बेहोशी के इल्ज़ाम पाता हूँ औरों से


दिल के फ़रेब यूँ ताड़ जाता हूँ

वफ़ा का फ़न सीख जाता हूँ औरों से


©suneilsoni

©सुनील_सोनी


अर्थ

 मेरे होने के ये मायने हैं

नज़ारा जो भी हो

मैं ही नज़र आऊंगा

पथरीली, काली बेचैनियों को

मिटकर भी मिटा जाऊंगा

©सुनील_सोनी

मज़बूती

 बेल 

चढ़ जाती हैं पेड़ पर

दीवार या लौह स्तंभों पर

नाज़ुक बदन उनके

छिलते नहीं

 

©सुनील_सोनी

असल

 जहाँ से निश्चिंत गुजरते हैं लोग

वहाँ भरोसों के कब्रिस्तान पड़े हैं


जहाँ इस बार पुरजोर बरसे हैं बादल

वहाँ इस बार फसलों पर ख़तरे बड़े हैं


जहाँ दावा है सूरज की रोशनी का

उन इलाकों में अकाल भारी पड़े हैं


©सुनील_सोनी


मुकम्मल

 मुकम्मल सा दिन है, मुकम्मल रात भी

सराब इश्क़ में मुकम्मल जहां आज भी


तन्हाइयां भी मुकम्मल हैं और हिज़्र भी

हयाते नूर से मुकम्मल फरियाद भी


©सुनील_सोनी

नज़र

 सड़कें कितनी बेचैन हैं चलने के लिए

चौराहे मचल रहे हैं मायाजाल में

सिग्नलों पर भीड़ मुस्तैद है

©सुनील_सोनी

बाक़ी

 क्यों लूँ रुखसत नाराज़ी का सबब बाक़ी है

यार ने पिलाई उनको मेरी तलब बाक़ी है

©SuneilSoni

फर्क़

 मैंने सच कहा था तूने सुना नहीं

जो सच तूने सुना मैंने कहा नहीं


समझ की है अलहदा रौशनी

राहें मुझे मंज़ूर थीं जो तुझे नहीं


©SuneilSoni


©सुनील_सोनी

 मेरी आँखों में देख दुनिया

धरती के सारे झरने

पूरा आसमान

सभी नदियां और समंदर

तमाम साहस और करुणा

बची-खुची उम्मीद भी

फिर बौरा उठने के

धैर्य के साथ

यहाँ है

आ छुप जा

इन फूलों जैसी

मासूमियत के साथ

©सुनील_सोनी

सब कुछ

 सब कुछ कह देना ही नहीं है सब कुछ

सब कुछ सुन लेना ही नहीं है सब कुछ


सब कुछ में शामिल है मेरा तन्हा होना

सब कुछ में शामिल है तुम्हारा न होना


तुम्हें महसूस कर लेना भी है सब कुछ

तुम्हें न पाना या खो देने में भी जो है


फिर से तुम्हें पाने के बग़ैर का अहसास


©सुनील_सोनी

मैं

दिल की राहें कहाँ से गुज़रीं

पता नहीं था वहाँ से गुज़रीं

©सुनील_सोनी



तंत्र

 तंत्र ने

गण को

बजाया

खूब 

तन्ना तू...

तन्ना तू...


भूखे पेट

जो सोये थे

दिल से उनके

निकला

हू... हू... हू...


संगीनों के

साये में जो

खामोश

खड़े रहे

करते

कूं... कूं... कूं...


ख़ुशबू

अलबत्ता

फिर भी

फूलों से

उठती रही


जिनकी नाक

ज़मीं पर थी

बूटों से

सजती रही


सीने में 

बिंधे रहे

तीर 


©सुनील_सोनी

यार

 इश्क़ ए दुनिया में गिरफ़्तार हूँ

बज़्म तेरी, उनकी महफ़िल

हर सू मुखातिब ए यार हूँ


चर्चे तेरे ग़ैर के वादों में भी

दीदार उनके ग़ैर की राहों में भी

मेरा क्या, मैं तेरा बेक़रार हूँ


©सुनील_सोनी

तू और मैं

 इश्क़ राह है

एक छोर मेरा है

एक छोर तेरा है


इश्क़ सपना है

तेरा मेरी खूँटी पर टंगा है

मेरा तेरे काँधे पर लदा है


इश्क़ नदी है

मेरा किनारा तुझसे मिला है

तेरा किनारा मुझे छू गया है


©सुनील_सोनी

ताब

 मैंने परचम बनाया है तू एक नज़र डाल तो ज़रा

मेरी आँखों से आँखें मिलाने की ताब ला तो ज़रा

होली

हर सुबह उजाले में सूरज के डूब जाता हूँ

शफ़्फ़ाफ़ ओ मरमरी गरमाहट से तर जाता हूँ

हर दिन सात रंगों से यूँ गुलज़ार हो जाता हूँ
हर रात लेकिन स्याह इकरंग से डर जाता हूँ

रोशनी तमाम कहीं से ढूँढ निकाल लाता हूँ
औ पूरे जी-जान फिर अंधेरे से लड़ जाता हूँ

गुफा में लौटने का ख़याल जिस पल पाता हूँ
सदियों पुरानी याद से रूह तक सहम जाता हूँ

हमराह सितारा देखकर अब भी सिहर जाता हूँ
हर कृष्ण पक्ष में आशिक़ चाँद का हो जाता हूँ

पत्थरों फिर माचिसों से रोज़ आग जलाता हूँ
हर वक़्त आगे बेतरह पर क्यों अंधेरे पाता हूँ

रात में रंग भर दे जो बिजली के लट्टू बनाता हूँ
हर रोज़ बस जाने क्यों वजूद यूँ ही बचाता हूँ

हर क्षण उजाले में ही रहने को मचल जाता हूँ
दिल में हर उग जाए सूरज, ये हलफ उठाता हूँ


©सुनील_सोनी

दिवाली की शुभकामनाएं

कविता : सुनील  स्वर : अर्चना वीडियो संपादन : गार्गी