सोमवार, 4 जनवरी 2021

 मेरी आँखों में देख दुनिया

धरती के सारे झरने

पूरा आसमान

सभी नदियां और समंदर

तमाम साहस और करुणा

बची-खुची उम्मीद भी

फिर बौरा उठने के

धैर्य के साथ

यहाँ है

आ छुप जा

इन फूलों जैसी

मासूमियत के साथ

©सुनील_सोनी

पस ओ पेश (ग़ज़ल)

 कहता हूँ ख़ुद और ठहर जाता हूँ

ठिठकता हूँ, फिर जाग जाता हूँ

 

अँधेरे इंतहाई मेरे जानिब तन्हा

वादों पे हर शब गुज़ार जाता हूँ

 

खिड़की के पार बगीचे होंगे

सोच के हर रोज़ ठहर जाता हूँ


©सुनील_सोनी

साँप की प्रार्थना


हतप्रभ हूँ मनुष्य!

मेरा ज़हर

द्वेष-राग से नहीं उपजा

न ही किसी लाभ के लिए

कभी जान ली है मैंने

केंचुल धारण नहीं किया 

और न ही रूप बदलता हूँ

यह सब प्रकृति ने 

बख्शा है मुझे

हे, मनुष्य ! 

क्यों मेरी उपमा

मानवीय कर दी तुमने

क्यों लजाते हो मुझे

तुम ही हो

जिससे सदा बचना चाहता हूँ

धर्मग्रन्थों से

मुझे निकाल फेंको

मेरा ज़िक्र नृशंस आख्यानों में न आने दो

मैं निम्नतम कोटि का पशु हूँ

तुम प्रथम पायदान पर

मैं वही रहना चाहता हूँ

जो हूँ

मैं किसी तौर

मनुष्य नहीं होना चाहता


©सुनीलसोनी




सब कुछ

 सब कुछ कह देना ही नहीं है सब कुछ

सब कुछ सुन लेना ही नहीं है सब कुछ


सब कुछ में शामिल है मेरा तन्हा होना

सब कुछ में शामिल है तुम्हारा न होना


तुम्हें महसूस कर लेना भी है सब कुछ

तुम्हें न पाना या खो देने में भी जो है


फिर से तुम्हें पाने के बग़ैर का अहसास


©सुनील_सोनी

मैं

दिल की राहें कहाँ से गुज़रीं

पता नहीं था वहाँ से गुज़रीं

©सुनील_सोनी



तंत्र

 तंत्र ने

गण को

बजाया

खूब 

तन्ना तू...

तन्ना तू...


भूखे पेट

जो सोये थे

दिल से उनके

निकला

हू... हू... हू...


संगीनों के

साये में जो

खामोश

खड़े रहे

करते

कूं... कूं... कूं...


ख़ुशबू

अलबत्ता

फिर भी

फूलों से

उठती रही


जिनकी नाक

ज़मीं पर थी

बूटों से

सजती रही


सीने में 

बिंधे रहे

तीर 


©सुनील_सोनी

यार

 इश्क़ ए दुनिया में गिरफ़्तार हूँ

बज़्म तेरी, उनकी महफ़िल

हर सू मुखातिब ए यार हूँ


चर्चे तेरे ग़ैर के वादों में भी

दीदार उनके ग़ैर की राहों में भी

मेरा क्या, मैं तेरा बेक़रार हूँ


©सुनील_सोनी

दिवाली की शुभकामनाएं

कविता : सुनील  स्वर : अर्चना वीडियो संपादन : गार्गी